दिल्ली में मूसलाधार बारिश
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली में लगातार दूसरे दिन रविवार को भी मूसलाधार बारिश होती रही। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक बादल छाये रहेंगे और बारिश होने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "हम रविवार को 90 फीसदी बारिश की उम्मीद कर रहे हैं। बादल छाये रहेंगे और गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं।"
मौसम विभाग के मुताबिक शहर में रविवार 8.30 बजे तक 62.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रविवार को छुट्टी का दिन होने की वजह से शनिवार जैसा यातायात जाम नहीं दिखाई दिया। सुबह में कुछ वाहन ही सड़कों पर दिखाई दे रहे थे।
दिल्ली नगर निगम के नियंत्रण कक्ष में शनिवार की बारिश के बाद जलभराव की 94 शिकायतें दर्ज की गईं। पेड़ गिरने की 20 शिकायतें तथा मकान ढहने की पांच शिकायतें सामने आई थीं। शनिवार को दिल्ली में 62.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी जबकि इस मानसून सत्र में 306 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
शनिवार को मूसलाधार बारिश की वजह से सामान्य जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications