मंत्री पर हमले के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
फरार आरोपी जितेंद्र पांडे को आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और पुलिस ने मिलकर रविवार तड़के इलाहाबाद से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने जितेंद्र की गिरफ्तारी को पूरी तरह से गोपनीय रखा और बाद में गुपचुप तरीके से उसे जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने जितेंद्र को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
इलाहाबाद के पुलिस अधीक्षक एस.एस. बघेल ने रविवार रात आईएएनएस को बताया कि जितेंद्र को शहर के कोतवाली इलाके से रविवार तड़के गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक जितेंद्र मंत्री पर हमले के षड्यंत्र में शामिल था। जितेंद्र पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। मंत्री पर हमले के मुख्य साजिशकर्ता एवं इलाहाबाद के चाका से ब्लाक प्रमुख दिलीप मिश्रा सहित चार आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं।
गत 12 जुलाई को मंत्री नंदी को निशाना बनाकर किए गए बम हमले में नंदी सहित पांच लोग घायल हुए थे। जिसमें राकेश मालवीय नाम के एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि गंभीर रूप से घायल इंडियन एक्सप्रेस के पत्रकार विजय प्रताप सिंह ने दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications