मान्यता के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे विदेशी पत्रकार
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी निर्देश के बाद प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) अब भारत में विदेशी पत्रकारों को अधिमान्यता देने की प्रक्रिया को आसान बना रहा है।
ये पत्रकार अब अपने देश से इंटरनेट के जरिए ही अधिमान्यता और वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे।
पीआईबी की प्रमुख महानिदेशक नीलम कपूर ने कहा, "हम सुरक्षा मंजूरी मिलने में लगने वाले समय को कम करने के लिए कदम उठा रहे हैं।"
भारतीय पत्रकारों के लिए अधिमान्यता प्राप्त करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जा चुका है लेकिन विदेशी पत्रकारों के लिए अभी यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
सूत्रों के मुताबिक यह कदम एक जापानी पत्रकार द्वारा मई महीने में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पत्रकार वार्ता के लिए पीआईबी से मान्यता लेने में हुई परेशानी की शिकायत के बाद उठाया गया है।
प्रधानमंत्री ने जापानी पत्रकार को इस मुद्दे पर जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस












Click it and Unblock the Notifications