प्रधानमंत्री ने मैथ्यू के निधन पर शोक जताया
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मलयाला मनोरमा के प्रधान संपादक के.एम.मैथ्यू के निधन पर रविवार को शोक जताया है।
प्रधानमंत्री ने मैथ्यू के बेटे मामेन मैथ्यू को भेजे अपने शोक संदेश में कहा है कि पत्रकारिता में उत्कृष्टता के प्रति के.एम.मैथ्यू की प्रतिबद्धता और प्रेस की आजादी को बढ़ावा देने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा है, "मुझे आपके पिता कंदाथिल मामेन मैथ्यू के निधन की खबर सुन कर गहरा दुख पहुंचा है। के.एम.मैथ्यू भारतीय मीडिया जगत के मार्गदर्शक थे और उन्होंने मलयाला मनोरमा का 1973 में प्रधान संपादक बनने के बाद इसे देश का एक प्रमुख दैनिक बनाने में प्रमुख भूमिका निभाई।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "पत्रकारिता में उत्कृष्टता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और प्रेस की आजादी को बढ़ावा देने में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया के अध्यक्ष, न्यूज पेपर सोसायटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल उल्लेखनीय रहा है। उनके निधन से देश, खासतौर से केरल राज्य ने भारतीय पत्रकारिता की सर्वोच्च परंपराओं के एक सच्चे समर्थक को खो दिया है।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "उनके दुखद निधन पर मैं आपके प्रति और शोकाकुल परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति और उनके तमाम मित्रों, साथियों व प्रशंसकों के प्रति अपनी शोक संवेदना जाहिर करता हूं। मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications