ममता को उपयुक्त सुरक्षा दी जाएगी : प्रणब
कोलकाता, 1 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि रेल मंत्री ममता बनर्जी को उपयुक्त सुरक्षा दी जाएगी। ममता ने शनिवार को आरोप लगाया था कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) आत्मघाती दस्ते के जरिए उनकी हत्या करने की योजना बना रही है।
मुखर्जी ने रविवार को यहां पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा, "मैंने भी अखबारों में इन आरोपों के बारे में पढ़ा है। उनकी सुरक्षा की उपयुक्त व्यवस्था की जाएगी।"
इसी से संबंधित एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "ये आरोप एक केंद्रीय मंत्री की ओर से लगाए गए हैं। अखबार में छपी खबरों के आधार पर मुझे यह जानकारी मिली है। जैसे मैंने पहले भी कहा, उनकी सुरक्षा की उपयुक्त व्यवस्था की जाएगी।"
ममता ने शनिवार को कालीघाट स्थित अपने आवास पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा था, "माकपा के कुछ मंत्री और नेता मुझसे राजनीतिक रूप से लड़ने में सक्षम नहीं हैं इसलिए मुझे खत्म करने के लिए आत्मघाती दस्ता बना रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "माकपा और कुछ अन्य राजनीतिक दल ऐसा कर रहे हैं, जिनका इसमें हित छिपा है। मैं अन्य दलों के बारे में यह बात नहीं बोल रही हूं। इन लोगों ने बैठक कर मुझे खत्म करने की रणनीति बनाई है। ऐसी बैठक हुई है। आप पता लगा लो।"
ममता ने कहा था, "माकपा के मंत्री मेरी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। वह इसके बारे में जांच पड़ताल भी कर रहे हैं। मुझे मारने का षडयंत्र रचा जा रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications