श्रीनगर में सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों में झड़प
पुलिस के अनुसार श्रीनगर के चनापोरा इलाके में भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान सुरक्षाकर्मियों की ओर से की गई कथित गोलीबारी में इकबाल अहमद नामक किशोर घायल हो गया। गोली उसके सिर में लगी है।
इकबाल को सूरा चिकित्सा संस्थान में भर्ती कराया गया है। इस अस्पताल से जुड़े एक सूत्र ने बताया, "घायल किशोर को पहले एस.एम. एच.एस. अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां के चिकित्सकों ने उसे यहां स्थानांतरित कर दिया। चिकित्सकों ने किशोर की हालत गंभीर बताई है।"
उधर, अपुष्ट खबरों में कहा गया है कि झड़प में चार और लोग भी घायल हुए हैं। चनापोरा में भीड़ ने सुरक्षा संबंधी सख्ती की अवहेलना की और मैसुमा इलाके तक जुलूस निकालने की कोशिश की।
सैयद अली शाह गिलानी के नेतृत्व वाले हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े ने घाटी में मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन के विरोध में जुमे की नमाज के बाद बंद का आह्वान कर रखा है।
उत्तरी कश्मीर के बारामूला, हंडवाड़ा, कुपवाड़ा और सोपोर कस्बों में भी सुरक्षा सख्त की गई है। गौरतलब है कि लगभग दो महीने से कश्मीर घाटी में तनाव है। गत 11 जून से जारी हिंसा में 15 लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications