पाकिस्तान के साथ वार्ता सिर्फ आतंक-मुक्त माहौल में : भारत
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के साथ दो सप्ताह पहले हुई वार्ता सार्वजनिक तौर पर असफल रहने के बाद भारत ने गुरुवार को दोहराया कि पाकिस्तान के साथ 'सार्थक वार्ता' सिर्फ आतंक-मुक्त या आतंकवादी धमकी रहित माहौल में ही संभव है।
विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने राज्यसभा में एक प्रश्न का लिखित जवाब देते हुए कहा, "सरकार लगातार कहती रही है कि पाकिस्तान के साथ वार्ता का दरवाजा कभी बंद नहीं रहा है और पाकिस्तान के साथ 'सार्थक वार्ता' सिर्फ आतंक-मुक्त या आतंकवादी धमकी रहित माहौल में ही संभव है।"
राज्यसभा सदस्य मणिशंकर अय्यर ने सवाल किया कि क्या सरकार भारत-पाकिस्तान वार्ता फिर शुरू करने की संभावना के बारे में सोच रही है?
उल्लेखनीय है कि 15 जुलाई को कृष्णा ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री एस.एम. कुरैशी से मुलाकात की थी, लेकिन बैठक के बाद पाकिस्तानी मंत्री ने भारतीय गृह सचिव जी.के. पिल्लै की उस टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए सार्वजनिक तौर पर भारत की आलोचना की थी। पिल्लै ने कहा था कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का मुंबई हमले में हाथ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications