भारत-ब्रिटेन व्यापार 5 सालों में दोगुना होगा : मनमोहन
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार को घोषणा की कि भारत और ब्रिटेन अपने द्विपक्षीय व्यापार को 2015 तक दोगुना करने पर सहमत हुए हैं। वर्तमान में दोनों देशों के बीच आठ अरब पाउंड का व्यापार होता है।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के साथ वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में मनमोहन सिंह ने कहा कि हम पांच सालों में अपने द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने पर कार्य करेंगे।
दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2003-04 के चार अरब पाउंड से 2008-09 में दोगुना होकर आठ अरब पाउंड हो गया है।
दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को मजबूती प्रदान करने के लिए डेविड कैमरन अब तक के सबसे बड़े व्यापारिक प्रतिनिमंडल के साथ भारत दौरे पर आए हैं। द्विपक्षीय व्यापार को गति प्रदान करने के लिए दोनों देशों ने भारत-ब्रिटेन मुख्य कार्यकारी फोरम की स्थापना की है। भारत की ओर से टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा और ब्रिटेन की तरफ से स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के पीटर सैंड्स इसके प्रमुख होंगे।
संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि इस फोरम की बैठक भारत और ब्रिटेन में होगी जो दोनों सरकारों को व्यापार बढ़ाने और निवेश के विकल्पों पर सलाह देगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications