तेलंगाना उपचुनाव में टीआरएस को बढ़त
हैदराबाद, 30 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के तेलंगाना क्षेत्र की 12 विधानसभा सीटों के उप-चुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह शुरू हो गई। तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) 11 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है जबकि एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगे है।
शुरुआती रुझानों से लग रहा है दोनों पार्टियां अपनी सीटों को बरकरार रख पाने में कामयाब रहेंगी। साथ ही टीआरएस को एक सीट का फायदा भी हो सकता है क्योंकि तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के कब्जे वाली एक सीट पर टीआरएस का उम्मीदवार आगे चल रहा है।
पहले चरण की मतगणना की समाप्ति पर 11 विधानसभा सीटों में टीआरएस के उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं। वहीं निजामाबाद शहर की सीट पर भाजपा के लक्ष्मीनारायण कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख डी. श्रीनिवास से आगे हैं।
जिन सात विधानसभा सीटों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का इस्तेमाल किया गया था वहां के परिणाम दोपहर तक आ जाने की उम्मीद है। वहीं, जिन पांच विधानसभा सीटों में मतपत्रों के जरिए मतदान हुआ था उनके परिणाम में थोड़ा वक्त लग सकता है।
चुनाव आयोग के अनुसार मंगलवार को हुए मतदान में पांच जिलों की 12 विधानसभा क्षेत्रों के करीब 23.60 लाख मतदाताओं में से 66.67 फीसदी लोगों ने मताधिकार का उपयोग किया था।
अलग तेलंगाना राज्य की मांग के मुद्दे पर इस साल के शुरुआत में टीआरएस के 10 और भाजपा व टीडीपी के एक-एक विधायक के इस्तीफा देने की वजह से यहां उपचुनाव कराए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications