राहुल ने मुझे मारा-पीटा और घसीटा : डिंपी (लीड-3)

मुंबई/नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। टीवी रियलिटी शो में हुए जिस विवाह को देश और इसके बाहर लाखों दर्शकों ने देखा, वह शुक्रवार को उस समय विद्रूप अलगाव की ओर बढ़ता नजर आया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन के बेटे राहुल महाजन की दूसरी पत्नी मॉडल डिंपी गांगुली ने अपने पति पर मार-पीट करने और बाल पकड़कर घसीटने का आरोप लगा दिया।

डिंपी ने इसी वर्ष मार्च महीने में हुए टीवी रियलिटी शो 'राहुल दुल्हनिया ले जाएंगे' में उस राहुल से विवाह किया था, जिन्हें पिता के दिवंगत होने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। इस शो पर भी खूब हो-हल्ला हुआ और इसने मीडिया का ध्यान आकृष्ट किया।

कोलकाता की 22 वर्षीय मॉडल डिंपी ने एक टीवी चैनल को बताया, "राहुल ने गुरुवार सुबह मेरे मोबाइल पर आए एक संदेश के विषय में जानने के लिए मुझे जगाया और मुझे पीटा। जब मैंने उनसे वापस जाकर सोने के लिए कहा तो वह नाराज हो गए और मुझे पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने मुझे पीटा और बाल पकड़कर घसीटा।"

शुक्रवार को डिंपी ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा कि उन्हें संभलने में थोड़ा वक्त लगेगा और वह कुछ समय अकेले रहना चाहती हैं।

संवाददाताओं से संक्षेप में बात करते हुए गांगुली ने कहा, "मेरी राहुल के साथ बातचीत हुई है। जो कुछ हुआ, उसके लिए उन्होंने ईमानदारी से माफी मांगी है।"

उन्होंने कहा, "हम दोनों काफी विचलित हैं और मेरे दिल को बहुत ठेस पहुंची है। मुझे इस पर सोचने और हालात से उबरने के लिए वक्त चाहिए।"

सूचना के अनुसार पति से मिले शारीरिक उत्पीड़न के बाद गांगुली, राहुल की बहन पूनम महाजन के साथ रह रही थीं। वह अब राहुल के घर लौट गई हैं।

राहुल से तकरार के बाद गांगुली गुरुवार की सुबह चार बजे उनके घर से निकल गई थीं।

राहुल पर घरेलू हिंसा के आरोप दूसरी बार लगे हैं। इससे पहले उनकी पहली पत्नी श्वेता सिंह ने उन पर शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। श्वेता और राहुल 2008 में अलग हो गए थे। वर्ष 2006 में राहुल को मादक पदार्थो के सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

उधर नई दिल्ली में महिला एवं बाल विकास मंत्री कृष्णा तीरथ ने कहा कि यदि उनके पास यह शिकायत आती है तो वह मामले की जांच के लिए एक समिति गठित करेंगी।

तीरथ ने यहां पत्रकारों से कहा, "यदि डिंपी हमारे पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराती हैं तो मैं राष्ट्रीय महिला आयोग से मामले की जांच के लिए कहूंगी। घरेलू हिंसा किसी भी तरह स्वीकार्य नहीं है।"

मुंबई के एक समाचार पत्र को दिए साक्षात्कार में डिंपी ने आरोप लगाया कि राहुल उनके साथ नियमित रूप से मारपीट करते हैं और एक बार के झगड़े में राहुल ने उनके सिर पर बंदूक तान दी थी।

डिंपी के दोस्तों, रिश्तेदारों एवं सहयोगियों ने बताया कि दोनों पति-पत्नी पारिवारिक सदस्यों के साथ मामले को सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं।

राहुल के चाचा प्रकाश महाजन ने कहा, "मैं राहुल को एक गंभीर और समझदार इंसान के रूप में जानता हूं। दोनों के बीच आपसी मतभेद हुआ होगा, लेकिन मुझे विश्वास है कि गंभीरतापूर्वक विचार करने पर यह मामला सुलझ सकता है।"

कई बार प्रयास करने के बावजूद इस मसले पर राहुल की प्रतिक्रया नहीं मिल पाई।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+