ढाका में नए वेतन नियमों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
ढाका, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश के हजारों कपड़ा कारीगरों ने शुक्रवार को ढाका के विभिन्न इलाकों में जुलूस निकालकर सरकार के नए वेतन नियमों का विरोध किया।
स्टार ऑनलाइन के मुताबिक असंतुष्ट श्रमिकों ने सड़कों पर जाम लगाया, बसों में तोड़-फोड़ की और निजी वाहनों और मकानों को निशाना बनाया। श्रमिकों ने गारमेंट फैक्टरियों और कार्यालयों में भी तोड़फोड़ की।
बांग्लादेश सरकार ने गुरुवार को गारमेंट उद्योग के श्रमिकों के लिए नए वेतन नियम जारी किए थे लेकिन श्रमिक न्यूनतम मासिक वेतन बढ़ाकर 5,000 टका किए जाने की मांग कर रहे हैं।
गुरुवार को नए नियमों की घोषणा के कुछ देर बाद ही ज्यादातर श्रमिक संगठनों ने इसका उग्र विरोध करने की धमकी दी थी।
नए नियमों के मुताबिक श्रमिकों को 2,500 टका का मासिक मेहनताना तय किया गया है। इससे पहले यह 1,662.50 टका था।
न्यू एज समाचार पत्र में शुक्रवार को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय सरकार के मंत्री सैय्यद अशरफुल इस्लाम ने ढाका, नारायणगंज और गाजीपुर में अधिकारियों को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिये तैयार रहने को कहा है।
मंत्री ने कहा, "इस मुद्दे के सहारे कुछ समूह अप्रिय घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं।"
श्रम मंत्री खांडेकर मुशर्रफ हुसैन ने गुरुवार को नए वेतन नियम जारी किए थे।
यह नियम कुछ न्यूनतम वेतन में वृद्धि की मांग को लेकर महीनों से चल रहे विरोध प्रदर्शन और हड़तालों के बाद जारी किए गए हैं।
गारमेंट क्षेत्र में बांग्लादेश में 35 लाख लोगों को रोजगार मिला है और इस क्षेत्र से पिछले साल बांग्लादेश को 12 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा प्राप्त हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications