महंगाई पर विपक्ष का विरोध नाटक : व्यालार रवि
नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री व्यालार रवि ने महंगाई पर विपक्ष के विरोध को नौटंकी करार देते हुए कहा कि राजनीतिक पार्टियां संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित करके लोकतंत्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन कर रही हैं।
रवि ने आईएएनएस से कहा, "यह विरोध कोरा नाटक है और जनता को यह जताने की कोशिश है कि हम उनके लिए लड़ रहे हैं। स्थगन प्रस्ताव और वोटिंग की मांग करके वह केवल मीडिया का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं।"
उन्होंने कहा कि महंगाई एक ज्वलंत मुद्दा है, इस पर बहस होनी चाहिए लेकिन बहस विपक्ष की मांगों के तहत नहीं होनी चाहिए।
रवि ने कहा, "इस तरह के व्यवधान से कोई मदद नहीं मिलेगी। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन है। लोकतंत्र का अर्थ सहमति या असहमति हो सकती है लेकिन धमकाना नहीं। यह विरोध प्रदर्शन सरकार को धमकाने जैसा है।"
उन्होंने कहा कि महंगाई का विरोध कोई नई बात नहीं है। "जवाहर लाल नेहरू के समय से ही हमने अनेक बार इस मुद्दे पर बहस और विरोध किया है और हमेशा इस समस्या के समाधान ढूंढ़े गए हैं इसलिए विपक्ष की यह मांगें उचित नहीं हैं।"
विपक्षी पार्टियों के विरोध के चलते शुक्रवार को लगातार चौथे दिन संसद की कार्यवाही स्थगित की गई। विपक्षी पार्टियां महंगाई के मुद्दे पर वोटिंग के प्रावधानों के तहत बहस कराने की मांग कर रही हैं।
सरकार का कहना है कि वह इस मुद्दे पर बहस के लिए पूरी तरह तैयार है लेकिन स्थगन प्रस्ताव के तहत नहीं जबकि विपक्ष इसी प्रस्ताव के तहत बहस की मांग पर अड़ा है। विपक्ष के विरोध के चलते सोमवार से शुरू हुए संसद के मानसून सत्र में अब तक कोई भी काम नहीं हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications