ट्यूलिप और जीएचसी ने क्वालकॉम में हिस्सेदारी खरीदी
नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। कैलीफोर्निया की सेलफोन चिप बनाने वाली कंपनी क्वॉलकॉम ने अपनी भारतीय इकाई की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी ग्लोबल होल्डिंग कार्पोरेशन और ट्यिूलिप टेलिकॉम को बेची है। इसके जरिए क्वॉलकॉम देश में ब्रॉडबैंड सेवाएं देने के लिए संयुक्त उपक्रम स्थापित करना चाहती है।
इस सौदे के मुताबिक ग्लोबल होल्डिंग और ट्यूलिप को 2.88 करोड़ डॉलर की कीमत की 13-13 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलेगी। क्वॉलकॉम के पास इस इकाई की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी सुरक्षित रहेगी।
क्वॉलकॉम इंडिया के अध्यक्ष कंवलिंदर सिंह ने कहा, "हमारा उद्देश्य शुरुआती हिस्सेदार तलाशना है जिससे हम दूरसंचार और ब्राडबैंड क्षेत्र में मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकें।"
ग्लोबल होल्डिंग कार्पोरेशन दूरसंचार टॉवर व्यवसाय की प्रमुख कंपनी है और यह दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों को नेटवर्क उपलब्ध कराती है वहीं ट्यूलिप टेलिकॉम डेटा कनेक्टिविटी सेवाएं उपलब्ध कराती है।
तीनों कंपनियों ने इस समझौते के बाद पत्रकारों को बताया कि यह संयुक्त उपक्रम 1.11 अरब डॉलर की कीमत का होगा जिसमें 22.2 करोड़ डॉलर की शेयर हिस्सेदारी और 88.8 करोड़ डॉलर का ऋण शामिल है।
क्वॉलकॉम ने हाल ही में ब्रॉडबैंड स्पैक्ट्रम नीलामी में 1.04 अरब डॉलर की कीमत में दिल्ली, मुंबई, केरल और हरियाणा के सर्किल जीते हैं।
क्वॉलकॉम वर्ष 2011 तक अपनी ब्रॉडबैंड सेवाएं शुरू करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications