बंगाल में कांग्रेस, तृममूल समर्थकों की हत्या
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि पुरुलिया जिले के नक्सल प्रभावित बलरामपुर क्षेत्र के लोकप्रिय नेता राजेन महतो की गुरुवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुरुलिया में तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष शांतिराम महतो ने कहा, "वह केरुआ-घाटबेड़ा क्षेत्रीय समिति के भी सदस्य थे। जब वह अपने घर लौट रहे थे तब मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने केरुआ मोरे में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।"
वैसे पुलिस को संदेह है कि नक्सलियों ने राजेन की हत्या की है।
पुरुलिया जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सी. सुधाकर ने बताया, "शुरुआती जांच से ऐसा लगता है कि राजेन की हत्या नक्सलियों ने की है। इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है।"
एक अन्य घटना में मुर्शीदाबाद जिले के जलांगी गांव में गुरुवार को कथित तौर पर माकपा समर्थकों ने एक कांग्रेस समर्थक की हत्या कर दी।
दोमकल उप-मंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सुबीर चटर्जी ने बताया, "जलांगी गांव में हुए एक राजनीतिक संघर्ष में कांग्रेस के एक समर्थक की हत्या हो गई और दो अन्य घायल हो गए। क्षेत्र में पुलिस तैनात की गई है और मामले की जांच शुरू हो गई है।"
पुलिस ने बताया कि गुरुवार को एक फुटबॉल मैच को लेकर दो समूहों के बीच विवाद शुरू हो गया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "माकपा समर्थकों ने धारदार हथियारों के साथ तीन कांग्रेस समर्थकों पर हमला किया। तीनों को ही गंभीर चोटें आईं। उन्हें एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां बिप्लब मंडल की मौत हो गई।"
इस बीच राज्य में विपक्ष की नेता प्रथा चटर्जी पुरुलिया के मालबाजार में पूर्व निर्धारित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचीं। बोरो गांव के तृणमूल कांग्रेस समर्थक हलधर महतो की हत्या के जिम्मेदार माकपा समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यह धरना-प्रदर्शन होना था।
हलधर की गुरुवार को कथित तौर पर माकपा समर्थकों ने हत्या कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications