हिरासत में युवक की मौत
चंदौली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक युवक की पुलिस हिरासत में कथित तौर पर पिटाई से मौत हो गई। इस मामले में छह पुलिसवालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मारपीट के एक मामले में अंबेडकरनगर गांव निवासी रमाशंकर (32) को गुरुवार रात पुलिस पकड़कर सकलडीहा थाने ले आई थी। देर रात पुलिसवालों की कथित पिटाई से उसकी मौत हो गई।
इसके बाद नाराज ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी और खूब हंगामा किया।
पुलिस उपाधीक्षक राकेश कुमार ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि प्रारंभिक जांच में दोषी जाने के बाद सकलडीहा थाने के उपनिरीक्षक महेंद्र राम सहित छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कुमार के मुताबिक पुलिस अधीक्षक ने महेंद्र सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित भी कर दिया है। साथ ही घटना की जांच के लिए आला अधिकारियों की एक समिति गठित कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications