उत्तरी कश्मीर में बाढ़
पुलिस ने बताया कि जम्मू एवं कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में गुलाम अहमद शाह, मोहम्मद अशरफ छोपान और सद्दाम हुसैन छोपान बाढ़ के पानी में पिछले 36 घंटों से फंसे थे।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "तीनों लोग कुपवाड़ा जिले के बाढ़ प्रभावित केहमिल झरने में एक ऊंची चट्टान पर फंसे हुए थे। उन्हें बचाने में पुलिस बचाव दल और ग्रामीणों के असफल रहने के बाद सेना से मदद मांगी गई।"
उन्होंने बताया, "तीनों व्यक्तियों को शुक्रवार सुबह सुरक्षित निकाल लिया गया। वे चट्टान पर 36 घंटे से ज्यादा समय तक फंसे रहे।"
बादल फटने तथा पिछले चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से अधिकतर पहाड़ी इलाकों में बाढ़ आ गई है।
कुपवाड़ा जिले के केहमिल, मवार और पोहरु इलाके में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
अधिकारी ने बताया कि हंडवारा कस्बे में शुक्रवार सुबह एक वाहन पुल पार करने की कोशिश के दैारना पानी में बह गया। लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों ने वाहन में सवार आठों लोगों को बचा लिया।
बाढ़ प्रभावित इलाके में धान और मक्के की सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है और कुपवाड़ा जिले में 100 से अधिक मवेशी पानी की तेज धारा में बह गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि बतगुंद, कोरु, छोटीपोरा और शतगुंद सहित 48 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।
बाढ़ प्रभावित इलाके के लोग ऊंचाई वाली जगहों पर शरण ले रहे हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बाढ़ की चुनौति से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन ने बैठक बुलाई थी।
एक वरिष्ठ प्रभागीय अधिकारी ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य शुरू हो गए हैं और अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रभावित इलाकों में 24 घंटे नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications