मौत के 30 बाद तक परिजन लेते रहे पेंशन
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सोगेन कैटो को टोक्यो का सबसे उम्रदराज व्यक्ति माना जाता था। जब शहर के अधिकारी उन्हें उनके 111वें जन्मदिन की बधाई देने उनके घर पहुंचे तो अधिकारियों को पता चला कि 30 साल पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
अधिकारी लंबे समय से कैटो से मिलने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उनके परिजन मिलने की अनुमति ही नहीं देते थे। उनका कहना था कि कैटो किसी से मिलना नहीं चाहते हैं या वह जीफू परफेक्चर में हैं। कैटो का जन्म 22 जुलाई 1899 को हुआ था।
इस पर अधिकारियों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस की मदद मांगी व बुधवार को जबर्दस्ती कैटो के घर में घुस गए। अधिकारियों ने पाया कि एक बिस्तर पर कंकाल में तब्दील हो चुका एक शव पड़ा हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गुरुवार को कैटो की मौत का कारण और मौत का समय पता नहीं चल पाया। उनके कमरे से पांच नवबंर 1978 का एक समाचार पत्र मिला है। जिससे लगता है कि उनकी मौत करीब तीस साल पहले हुई होगी।
कैटो के रिश्तेदारों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 30 साल पहले स्वयं को अपने कमरे में बंद कर लिया था और वह 'जीवित बुद्ध' की तरह रहना चाहते थे।
कैटो के पेंशन खाते से 61 लाख येन (70,500 डॉलर) पहले ही निकाला जा चुका है। उनके खाते में पेंशन के कुल 95 लाख येन थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications