3,000 पाउंड का पड़ा एक सैंडविच!
लंदन, 30 जुलाई (आईएएनएस)। एक ब्रिटिश महिला को सैंडविच खाना उस वक्त बहुत महंगा पड़ गया जब उसके सैंडविच में पत्थर का टुकड़ा निकला जिसकी वजह से उसके दांतों को नुकसान पहुंचा। इसके बाद महिला को जटिल दंत चिकित्सा करानी पड़ी और इसमें 3,000 पाउंड का खर्च आया।
समाचार पत्र 'द सन' के मुताबिक अड़तालीस वर्षीय कैरेन एडी ने जब 2.20 पाउंड में सैंडविच खरीदा तो उन्हें लगा कि वह बहुत अच्छा और स्वास्थ्यकर है। सैंडविच खाते हुए अचानक ही उन्हें लगा कि उन्होंने पत्थर का टुकड़ा चबाया है। यह टुकड़ा सैंडविच में सलाद के बीच था।
इस पत्थर के टुकड़े से उनके एक दांत को नुकसान पहुंचा और मुंह में एक फोड़ा हो गया।
बाद में उन्हें यह दांत निकलवाना पड़ा और चार जटिल दंत चिकित्साएं भी करानी पड़ीं।
कैरेन कहती हैं कि यह बहुत तनावपूर्ण था लेकिन अब वह दोबारा सेब खाने लगी हैं और उस घटना को भूल गई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications