मलेशिया में सिख आतंकवादी ठिकाने के सबूत नहीं
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को कहा कि पंजाब पुलिस के दावे के समर्थन में हमें कोई सबूत नहीं मिला है। पंजाब पुलिस की ओर से कहा गया था कि सिख आतंकवादी संगठन खालिस्तान लिब्रेशन फोर्स (केएलएफ) ने कुआलालंपुर के बाहर अपना ठिकाना बना रखा है।
विशेष संघीय कार्य बल (अभियान एवं आतंकवाद निरोधक) विभाग के निदेशक कमिश्नर मोहम्मद फूजी हारुन ने एक प्रेस वक्तव्य में कहा, "हम इसकी पुष्टि कर सकते हैं कि यहां ऐसा कोई समूह नहीं है।"
समाचार पत्र 'द स्टार' के अनुसार उन्होंने कहा कि आतंकवादी गतिविधियों पर निगरानी के लिए पुलिस दुनिया भर में अपने समकक्षों के साथ संपर्क बनाए रखती थी।
मलेशिया में भारतीय मूल के करीब 17 लाख लोग रहते हैं जिनमें एक लाख सिख हैं।
नई दिल्ली की एक मीडिया रिपोर्ट में बुधवार को कहा गया था कि पंजाब पुलिस का मानना है कि केएलएफ ने कुआलालंपुर के बाहर अपना ठिकाना बना रखा है और मलेशिया में इसके कम से कम चार सदस्य छिपे हुए हैं।
पंजाब में सोमवार को एक संदिग्ध आतंकवादी की गिरफ्तारी के बाद ऐसी आशंका जताई गई थी।
खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि पंजाब से बाहर के सिख आतंकवादी समूह अक्टूबर में दिल्ली में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों से पहले तबाही मचाने की तैयारी कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications