उप्र में मानसून दोबारा सक्रिय होने के आसार
लखनऊ, 29 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की और मध्यम बारिश होने से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। इतना ही नहीं मानसून दोबारा सक्रिय होने से व्यापक बारिश होने की संभावना है।
लखनऊ, रायबरेली, कानपुर, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, जौनपुर, बाराबंकी, पीलीभीत, बरेली, बहराइच और वाराणसी सहित विभिन्न जिलों में बुधवार को हल्की और मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता का कहना है कि शुक्रवार से मानसून के दोबारा सक्रिय होने के बाद से राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना है।
गुप्ता ने कहा कि 24 घंटों के दौरान लखनऊ सहित अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। राज्य के दूसरे इलाकों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications