शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे भारत-ब्रिटेन
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और ब्रिटेन ने गुरुवार को शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने भारत आए अपने ब्रिटिश समकक्ष विश्वविद्यालयों एवं विज्ञान मामले के मंत्री डेविड विलेट से मुलाकात की।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय के एक आधिकारिक बयान के अनुसार शोधार्थियों के आदान-प्रदान पर सिद्धांतत: सहमति बनी। सिब्बल ने हालांकि डिग्रियों में समानता लाए जाने के मुद्दे पर जोर दिया, क्योंकि देश के बाहर जाने वाले छात्रों को समस्या से जूझना पड़ता है।
बयान में कहा गया है कि सिब्बल ने अपने ब्रिटिश समकक्ष को अवगत कराया कि राष्ट्रीय व्यावसायिक योग्यता तंत्र निर्माण की प्रक्रिया में है।
बयान के अनुसार, "ब्रिटिश मंत्री ने कहा कि ब्रिटेन में एक क्षेत्र को केंद्रित कर कुशलता विकास के प्रयास भी किए जा रहे हैं और वह इस क्षेत्र में भारत का सहयोग चाहते हैं।"
सिब्बल ने भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) और सूचना प्रौद्योगिकी एवं सूचना संप्रेषण के साथ उसके जटिल संबंधों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications