राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान 4 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
पाकिस्तान सहित राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने वाले कई प्रमुख देशों के सुरक्षा अधिकारियों ने इस संबंध में चर्चा की। 31 देशों के सुरक्षा प्रमुखों के बीच हुई इस बैठक से यह बात निकलकर सामने आई कि राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान चार स्तरीय सुरक्षा रहेगी।
स्थानीय आयोजन समिति के एक अधिकारी ने बताया कि इन सुरक्षा अधिकारियों ने उद्घाटन और समापन समारोह स्थल जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के साथ-साथ यमुना के किनारे स्थित खेल गांव का भी दौरा किया।
इस दौरान इन अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी व्यवस्था की जानकारी दी गई। ऐसे में जबकि इस वर्ष फरवरी में पाकिस्तानी आतंकवादियों ने एथलीटों को यह कहते हुए धमकी दी थी कि भारत दौरा करने पर उन्हें गंभीर नतीजे भुगतने होंगे, सरकार खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार का कसर नहीं छोड़ना चाहती।
खेल आयोजन स्थलों का गुरुवार को दौरा करने वाले सुरक्षा अधिकारियों ने तैयारियों को लेकर किसी प्रकार की राय नहीं जाहिर की है लेकिन उनके तमाम तैयारियों को लेकर 'संतुष्ट' होने के आसार जताए जा रहे हैं।
इस दल को यह भी दिखाया गया कि खेलों के दौरान किसी आतंकवादी खतरे के मद्देनजर किस प्रकार वाहनों की जांच की जाएगी।
राष्ट्रमंडल खेलों में 71 देशों के 10,000 से अधिक एथलीट हिस्सा लेने के लिए अक्टूबर में भारत पहुंचेंगे। साथ ही साथ इन खेलों का दीदार करने के लिए 500,000 लोगों के नई दिल्ली पहुंचने के आसार हैं।
प्रत्येक आयोजन स्थल पर चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। खिलाड़ियों को ठहरने के स्थान से आयोजन स्थल तक ले जाने और वापस लाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
खिलाड़ियों की आवाजाही के लिए 570 वाहनों का उपयोग होगा। इन वाहनों का प्रत्येक सुबह बारीकी से जांच की जाएगी, जिसके बाद ही उन्हें एथलीटों को बैठाने की इजाजत मिलेगी।
गुरुवार को हुई सुरक्षा संबंधी बैठक के आधार पर गृह मंत्रालय 15 अगस्त तक सुरक्षा मानकों को हरी झंडी देगा। राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 3-14 अक्टूबर तक होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications