चीन ने पाक से शांतिपूर्ण परमाणु समझौते का आश्वासन दिया : भारत
विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने लोकसभा को दिए एक लिखित जवाब में कहा, "इस मुद्दे पर चीन के अधिकारियों से बातचीत की गई है उन्होंने हमें आश्वासन दिया है कि पाकिस्तान के साथ उनका परमाणु सहयोग शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है। इस योजना में चीन अंतर्राष्ट्रीय दायित्वों का निर्वहन करेगा और आईएईए इस परियोजना का पर्यवेक्षण करेगा।"
उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण सरकार इस मामले में लगातार निगरानी कर रही है और जरूरत पड़ने पर सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।"
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन ने प्रधानमंत्री के विशेष दूत के रूप में इस महीने की शुरूआत में अपनी बीजिंग यात्रा के दौरान भी इस मुद्दे को उठाया था।
भारत ने स्पष्ट किया था कि परमाणु तकनीक के प्रसार के मामलों में पाकिस्तान की पिछली भूमिकाओं को देखते हुए इस तरह के समझौतों से क्षेत्र की सुरक्षा पर बुरा असर पड़ेगा।
पाक अधिकृत कश्मीर में चीन द्वारा निर्माण कार्यो के मुद्दे पर कृष्णा ने कहा कि हमने इस पर अपनी चिंता जताई है और चीन को इन गतिविधियों को रोकने के लिए कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications