ज्ञानेश्वरी हादसे की वजह तोड़फोड़ : मुनियप्पा
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। रेल राज्य मंत्री के.एच. मुनियप्पा ने गुरुवार को लोकसभा में कहा कि पश्चिम बंगाल में 28 मई को मुंबई जा रही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के पटरी से उतरने और 148 लोगों की मौत तोड़फोड़ की वजह से होने का संदेह है।
हादसे से संबंधित सवाल के लिखित जवाब में मुनियप्पा ने कहा, "प्रथम दृष्टया संदेह है कि असामाजिक तत्वों द्वारा पटरी पर तोड़फोड़ किए जाने के कारण 2102 अप (हावड़ा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस) ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस पटरी से उतरी।"
उन्होंने लोकसभा को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हादसे की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी जा चुकी है। सीबीआई पहली बार किसी रेल दुर्घटना की जांच कर रही है।
मंत्री ने कहा कि 28 मई से दो जून के बीच रेल अधिकारियों को कुछ प्रतिबंधित संगठनों से धमकी के बारे में खुफिया सूचनाएं मिली थीं। इस अवधि के दौरान उनकी योजना 'काला सप्ताह' मनाने की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications