आधारभूत संरचना क्षेत्र में निवेश करें ब्रिटिश कंपनियां : कमलनाथ
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री कमलनाथ ने गुरुवार को ब्रिटिश कंपनियों को देश के आधारभूत संरचना क्षेत्र में निवेश करने की बात कही।
ब्रिटिश उच्चायुक्त के निवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कमलनाथ ने कहा, "हम देश की आधारभूत संरचना परियोजनाओं में ब्रिटिश कंपनियों के निवेश को बढ़ावा देना चाहते हैं। हमें इस क्षेत्र में विकास की संभावनाओं को सही तरीके से समझना होगा।"
कमलनाथ ने कहा, "भारत को विकास की गति बनाए रखने के लिए सड़कों के निर्माण की जरूरत है और इसके लिए उच्च प्रौद्योगिकी का उपयोग बेहद जरूरी है।"
ब्रिटेन के व्यापार मंत्री विन्स केबल ने इस अवसर पर कहा, "भारत में आधारभूत संरचनाओं के विकास के चलते भारत और ब्रिटेन के संबंधों के लिए बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं।"
कमलनाथ और केबल ने यहां एक समारोह में विनिर्माण मशीनें बनाने वाली ब्रिटिश कंपनी जे. सी. बेमफोर्ड (जेसीबी) की एक लाखवीं मशीन को बाजार में उतारा।
जेसीबी ने वर्ष 1979 में भारत में एक संयुक्त उपक्रम के तहत कारोबार की शुरुआत की थी। वर्ष 2003 ने में इसने अपनी सहयोगी कंपनी में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली थी। फिलहाल देश में विनिर्माण मशीनों के क्षेत्र में जेसीबी की बाजार हिस्सेदारी 50 प्रतिशत है।
जेसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विपिन सोंधी ने कहा, "भारत में विनिर्माण क्षेत्र के उपकरणों की तेजी से बढ़ रही मांग का लाभ उठाने के लिए हम बेहतर स्थिति में हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications