बिहार में 3 अवैध बंदूक कारखानों का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार
पटना, 29 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुंगेर जिले के एक होटल सहित तीन विभिन्न स्थानों पर पुलिस ने छापामार कर तीन अवैध मिनी बंदूक कारखानों का भंडाफोड़ किया है। इन स्थानों से पुलिस ने 22 पिस्तौल सहित बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए हैं। इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को गुप्त सूचना के अधार पर मुंगेर जिला मुख्यालय के एक होटल में छापामार कर एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चूड़म्बा, बरधा तथा कासिम बाजार इलाके में छापामार कर तीन मिनी बंदूक कारखानों का भंडाफोड़ किया।
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक एम़ सुनील नायक ने बताया कि इस छापेमारी में पुलिस ने 22 पिस्तौल सहित बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त होने वाली सामग्री बरामद की।
उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में कुल सात लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। पकड़े गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications