'विश्वस्तरीय' है नेशनल स्टेडियम : कैमरन
कैमरन ने गुरुवार को पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव के साथ इस स्टेडियम में क्रिकेट खेला और राष्ट्रमंडल खेलों की सफलता के लिए भारत को शुभकामनाएं दीं।
कैमरन ने गुरुवार दोपहर का समय राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए निकाला। सबसे पहले उन्हें नेशनल स्टेडियम ले जाया गया, जहां इस वर्ष मार्च में विश्व कप का आयोजन किया गया था। राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान भी हॉकी के मुकाबले यहीं खेले जाने हैं।
कपिल इस दौरान भारत की उस खेल प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे, जिसने कैमरन के साथ स्टेडियम का दौरा किया। इनमें बिशन सिंह बेदी, ओलंपिक धावक मिल्खा सिंह और धाविका पी.टी.उषा भी शामिल हैं।
ब्रिटेन के खेल प्रतिनिधिमंडल में लंदन ओलंपिक आयोजन समिति के अध्यक्ष और महान धावक सेबास्टियन कोए, राष्ट्रमंडल खेल इंग्लैंड की अध्यक्ष केली होम्स, ओलंपिक खिलाड़ी सर स्टीव रेडग्रेव और इंग्लिश प्रीमियर लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड स्कुडामोर शामिल थे।
कैमरन ने गुरुवार को बेंगलुरू में कहा था कि वह ठीक उसी तरह कपिल देव के प्रशंसक के तौर पर बड़े हुए हैं, जिस तरह उन्होंने इंग्लैंड के महान हरफनमौला खिलाड़ी इयान बॉथम के खेल को सराहा है।
कैमरन के साथ ब्रिटेन के विदेश राज्यमंत्री और राष्ट्रमंडल मामलों के मंत्री विलियम हेग भी थे। खेल मंत्री मनोहर सिंह गिल और राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति-2010 के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने स्टेडियम में ब्रिटिश प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
कैमरन को 3-14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी गई। इस संबंध में दिल्ली पुलिस के प्रमुख वाई.एस. डडवाल ने उन्हें जानकारी उपलब्ध कराई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications