कैमरन ने पाकिस्तान पर बेबाक टिप्पणी को सही ठहराया
कैमरन ने यहां बीबीसी से कहा, "मेरे विचार से समस्याओं को आप जैसा देखते हैं, उसके बारे में बेबाकी से बोलना महत्वपूर्ण है। मेरा मानना है कि लोग अपनी सरकारों से यह उम्मीद करते हैं।"
उन्होंने कहा, "आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई में पाकिस्तान ने प्रगति की है। इससे उसके साथ-साथ अन्य देशों को भी खतरा है।"
कैमरन ने कहा, "लेकिन उन्हें और अधिक करने की जरूरत है। हमें उनके साथ अधिक काम करना चाहिए क्योंकि जैसा मैंने कल कहा था, पाकिस्तान के भीतर आतंकवाद का समर्थन करने वाले लोग स्वीकार्य नहीं हैं। ये अपने देश के साथ-साथ ब्रिटिश नागरिकों को चाहे अफगानिस्तान में हों या स्वदेश में अधिक नुकसान पहुंचा सकते हैं।"
कैमरन ने प्रधानमंत्री के तौर पर अपने पहले भारत दौरे में बुधवार को बेंगलुरू में कहा था कि यह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता कि पाकिस्तान भारत, अफगानिस्तान या दुनिया में कहीं भी आतंकवाद को बढ़ावा दे।
ज्ञात हो कि कैमरन की टिप्पणी से पाकिस्तान उत्तेजित हो गया है और ब्रिटेन में पाकिस्तानी उच्चायुक्त वाजिद शम्सुल हसन ने इसकी निंदा करते हुए इसे 'एक अपरिपक्व राजनेता की अपरिपक्व प्रतिक्रिया' करार दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications