कोहिनूर लौटाने से कैमरन का इंकार
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने कोहिनूर हीरा भारत को लौटाने की किसी भी संभावना को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि यदि इसी तरह की मांगें स्वीकार की गईं तो ब्रिटिश संग्रहालयों के कक्ष खाली हो जाएंगे।
कैमरन ने गुरुवार को एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा, "मैं जानता हूं कि कोहिनूर के मूल स्थान के बारे में बड़ा तर्क दिया जाता है। परंतु मैं कहना चाहता हूं कि यह हमारे पास ही रहेगा। इससे हो सकता है कि यहां लोगों को निराशा हाथ लगे।"
कैमरन की भारत की दो दिवसीय यात्रा आरंभ होने के ठीक पहले ब्रिटेन में भारतीय मूल के सांसद कीथ वैज ने कोहिनूर का मुद्दा उठाया था। वैज ने एक बयान में कहा था, "प्रधानमंत्री के दौरे के समय कोहिनूर पर चर्चा होनी चाहिए। यह बहुत अच्छा रहेगा कि कोहिनूर को उसी देश को लौटा दिया जाए जहां से इसका ताल्लुक है।"
कैमरन ने इतना जरूर कहा कि हीरों को लटाने से एक मिसाल स्थपित होगी परंतु इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा इससे ब्रिटेन के म्यूजियम खाली हो जाएंगे।
उधर, कोहिनूर के मसले पर आईएएनएस की ओर से पूछे गए सवाल पर ब्रिटेन के संस्कृति, मीडिया एवं खेल मंत्री जेरेमी हंट ने कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा, "यह एक विवादास्पद मुद्दा है और मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications