चर्चा से भाग नहीं रहे हम : कांग्रेस
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। महंगाई के मुद्दे पर विपक्ष की तरफ से चौतरफा प्रहार झेल रही कांग्रेस ने गुरुवार को स्पष्ट किया वह इस मुद्दे पर चर्चा से भाग नहीं रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "कांग्रेस कभी भी किसी मुद्दे पर चर्चा से भागी नहीं है।"
उन्होंने कहा, "काम रोको प्रस्ताव के लिए नोटिस देना विपक्ष के अधिकार क्षेत्र में है लेकिन उसे स्वीकार करना या न करना लोकसभा अध्यक्ष का अधिकार है। उन्होंने जब इसे अस्वीकार कर दिया है तो विपक्ष को उसे मान लेना चाहिए।"
उल्लेखनीय है कि महंगाई के मुद्दे पर काम रोको प्रस्ताव के तहत चर्चा कराने को लेकर गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी संसद को दोनों सदनों में विपक्षी सदस्यों ने हंगामा किया।
लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार द्वारा काम रोको प्रस्ताव अस्वीकार किए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने जहां राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील को ज्ञापन सौंपा वहीं वामपंथी दलों ने गैर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दलों के साथ संसद भवन के परिसर में धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
तिवारी ने कहा, "संसद के बाहर सिर्फ नारेबाजी करने से महंगाई की समस्या का हल नहीं निकलेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications