दिग्विजय पर टिप्पणी से भड़के कांग्रेसी विधायक
इस टिप्पणी पर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों के बीच बढ़ी नोंकझोंक के चलते विधानसभा की कार्यवाही बाधित हुई।
उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ ने इंदौर में बने ट्रेजर आयरलैण्ड मॉल निर्माण मामले में सुनवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित 15 लोगों को बुधवार को नोटिस जारी किया था। इसी नोटिस पर चुटकी लेते हुए गुरुवार को विधानसभा में शून्यकाल से पहले संसदीय कार्यमंत्री मिश्रा ने सिंह पर तल्ख टिप्पणी की। इस टिप्पणी पर कांग्रेस विधायक भड़क गए।
विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी द्वारा मिश्रा की टिप्पणी विलोपित कराए जाने के बाद भी कांग्रेस विधायकों का हंगामा जारी रहा और वे अध्यक्ष की आसन के समीप पहुंच गए और जमकर नारेबाजी करने लगे। इस पर भाजपा विधायकों ने भी कांग्रेस पर आरोप लगाए। आखिर में विधानसभा अध्यक्ष को कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
संसदीय कार्यमंत्री मिश्रा ने कहा था, "भूमाफियाओं का सरदार कौन है, यह जाहिर हो गया है। उच्च न्यायालय के नोटिस पर कांग्रेस के पास कोई जवाब नहीं है जबकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने में लगे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications