लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। लोकसभा में बुधवार को महंगाई के मुद्दे पर दिए गए कार्यस्थगन प्रस्ताव के संबंध में अपना पक्ष रखने की अनुमति मिलने के बाद विपक्षी नेताओं का हंगामा थम गया लेकिन बाद में सत्ता पक्ष और विपक्ष की तीखी नोंकझोंक के बाद सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार की ओर से अनुमति मिलने के बाद विपक्षी नेताओं ने कार्यस्थगन प्रस्ताव की पैरवी की और इसे स्वीकार करने की मांग की। महंगाई के मुद्दे पर लोकसभा में हंगामा जारी रहने के मद्देनजर मीरा कुमार ने विपक्ष से कहा, "मुझे कार्यस्थगन प्रस्ताव से संबंधी कई नोटिस मिले हैं। मैं आप लोगों से जानना चाहती हूं कि आपके नोटिस को क्यों स्वीकार किया जाए?"
इसके बाद उन्होंने विपक्षी नेताओं को बोलने की अनुमति दी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने कहा, "हमारा कार्यस्थगन उन आम लोगों के लिए है जिनके जरिए यह सरकार सत्ता में आई और अब उन्हीं लोगों को परेशान कर रही है। हमारा प्रस्ताव पूरी तरह उचित है।"
समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मुलायम सिंह यादव, जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लालू प्रसाद , बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता दारा सिंह चौहान और कई अन्य विपक्षी नेताओं ने भी कार्यस्थगन प्रस्ताव को स्वीकार किए जाने और महंगाई के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की।
सरकार का पक्ष रखते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि विपक्ष सदन की कार्यवाही बाधित करना चाहता है इसलिए वह इस महंगाई के मुद्दे को ज्यादा तूल देना चाहता है। उन्होंने कहा कि कार्यस्थगन प्रस्ताव को स्वीकार करने की कोई जरूरत नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications