अभेद्य होंगे नक्सल इलाकों में बनने वाले थाने
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बिहार के नक्सल प्रभावित इलाकों में 100 थाना भवनों के निर्माण की मंजूरी दी है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक एक थाना भवन के निर्माण में दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन भवनों की डिजाइन ऐसी होगी जिससे गोलीबारी और हमलों में इसे कम से कम नुकसान हो।
इन थाना भवनों में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ हथियारों को सुरक्षित रखने के लिए भी खास तरह के कक्ष की व्यवस्था होगी। इनमें बंकरनुमा कक्ष भी होगा जहां से किसी हमले के बाद पुलिसकर्मी पलटवार कर सकेंगे।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी़ क़े ठाकुर ने बताया कि इन थाना भवनों का निर्माण अगले एक-डेढ़ वर्षो में पूरा कर लिया जाएगा।
पिछले दिनों दिल्ली में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में नक्सलवाद प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में देश भर में ऐसे 400 थानों के निर्माण की बात कही गई थी। इनमें से 100 थाने बिहार में होंगे। बिहार के कई जिले नक्सल प्रभावित हैं तथा कई थाने तो पूरी तरह जंगलों से घिरे हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications