बाघ के हमले में ग्रामीण की मौत
पीलीभीत, 28 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में बाघ के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मंगलवार शाम खनौत नदी के किनारे झाड़ियों से उनका शव बरामद किया गया।
पीलीभीत वन क्षेत्र से सटे घुंघचाई इलाके के पास बाघ ने जमुना प्रसाद (45) पर हमला कर दिया जिससे उनकी मौत हो गई। प्रसाद दिलावरपुर गांव के रहने वाले थे और रविवार को लकड़ियां बीनने निकले थे।
प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) वी. के. सिंह ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि घटनास्थल के पास मिले पदचिन्हों से पता चलता है कि उन पर वयस्क नर बाघ ने हमला किया।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद पूरे इलाके में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अकेले वन क्षेत्र में न जाए। अगर वन क्षेत्र के आस-पास जाना है तो झुंड में जाएं और लाठी-डंडे साथ रखें।
सिंह ने बताया कि इस इलाके से सटे वन क्षेत्र में आमतौर पर बाघ नहीं होते। घटनास्थल के मुआयने से पता चला है कि इस क्षेत्र में तीन से चार बाघ मौजूद हैं। पीलीभीत वन क्षेत्र में तकरीबन 36 बाघ मौजूद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications