इस्लामाबाद के समीप 152 यात्रियों सहित विमान दुर्घटनाग्रस्त (लीड-1)
विमान तुर्की से भाया कराची होकर इस्लामाबाद जा रहा था। अचानक उसका संपर्क हवाई अड्डे से टूट गया और वह मर्गला हिल्स के लोकप्रिय दामनकोह रिसॉर्ट के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के प्रवक्ता परवेज जॉर्ज ने कहा कि निजी विमानन कंपनी एयर ब्लू के विमान में 146 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार जार्ज ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह 9.45 बजे विमान का संपर्क हवाई अड्डे से टूट गया।
जियो न्यूज ने राजधानी विकास प्राधिकरण के एक अधिकारी के हवाले से कहा कि अब तक घटनास्थल से चार शव बरामद किए जा चुके हैं। दुर्घटनाग्रस्त विमान में आठ लोगों के जीवित बचे होने की भी अपुष्ट खबरें हैं।
मर्गला हिल्स इलाके में कई विमानभेदी तोपें लगी हैं और जंगलों से भरी इस पहाड़ी पर सेना की कई जांच चौकियां हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान बहुत कम ऊंचाई पर उड़ रहा था। हादसे के समय इस्लामाबाद में बारिश हो रही थी और घना कोहरा था। संभवत: यह हादसा खराब मौसम की वजह से हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications