महंगाई पर संसद में हंगामा, कार्यवाही बाधित (लीड-1)
लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह आरंभ होने पर सबसे पहले पूर्व सदस्य जोरा सिंह मान के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। मान का बीते 27 जून को नई दिल्ली में निधन हो गया था। उन्होंने 14वीं लोकसभा में पंजाब के फिरोजपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
मान को श्रद्धांजलि देने के बाद विपक्षी दलों के सदस्य एकजुट होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने कहा कि विपक्ष की ओर से दिए गए कार्यस्थगन प्रस्ताव पर तत्काल चर्चा कराई जाए। उन्होंने कहा कि महंगाई पर लोगों के 'दर्द' को समझते हुए विपक्ष इस मुद्दे पर तत्काल बहस चाहता है।
सुषमा ने कहा, "मिट्टी के तेल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि की वजह से आज गृहणियां और समाज के अन्य परेशान हैं। हमने महंगाई के विरोध में कार्यस्थगन प्रस्ताव दिया है। इस पर तत्काल चर्चा कराई जाए। पूरा विपक्ष लोगों के इसी दर्द को लेकर बहस चाहता है।"
लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने बार-बार सदस्यों से शांत होने की अपील की। परंतु हंगामा नहीं थमा। इसके बाद उन्होंने कार्यवाही दिन में 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। कार्यवाही दोबारा आरंभ होने पर विपक्षी सदस्य महंगाई पर बहस की मांग पर अड़े रहे। इस बीच नारेबाजी और हंगामा जारी रहने पर लोकसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही दिन में दूसरी बार दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
उधर, राज्यसभा में भी कमोबेश यही स्थिति रही। सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा की तरह राज्यसभा में भी महंगाई के मुद्दे पर पूरा विपक्ष एकजुट दिखा। समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सदस्यों ने भी जमकर हंगामा किया। सदन की कार्यवाही पहले 12 बजे तक स्थगित हुई। दोबारा जब कार्यवाही आरंभ हुई तब भी हंगामा थमा नहीं। इसके चलते सभापति ने सदन की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications