कामगारों को कुचलने के मामले में मेडिकल छात्र गिरफ्तार (लीड-1)
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से शाहिद खान नामक एक युवक को गिरफ्तार किया गया। युवक देश छोड़कर फरार होने की फिराक में था। वह यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है।
लोधी कोलनी के पुलिस थाने के अधिकारी राजिंदर सिंह ने आईएएनएस को बताया,"हमलोगों ने दोपहर 1.30 बजे उसे गिरफ्तार किया है। वह दिल्ली से अलमाटी जाने की फिराक में था।"
दक्षिणी दिल्ली में सफदरजंग फ्लाईओवर के पास लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की तरफ से काम कर रहे आठ मजदूरों को सोमवार तड़के एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने कुचल दिया था। इस हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई थी जबकि चार अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। कार को खान चला रहा था।
घायल मजदूरों ललन, मान शेखर और शैलेश को जयप्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है जबकि एक अन्य घायल पिंकी को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रॉमा सेंटर के मीडिया समन्वयक निर्मला ठाकुर ने आईएएनएस को बताया कि मामूली रूप से घायल तीन मजदूरों ललन, मान शेखर और शैलेश यादव को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक शाहिद राजस्थान के अलवर का रहने वाला है। पुलिस को संदेह है कि घटना के वक्त उसने शराब पी रखी थी। घटना के बाद वह मौके से भाग गया था।
शाहिद अपने दो दोस्तों शहजाद (18)और आलम खान (23) के साथ महरौली में एक पार्टी से लौट रहा था तभी यह घटना हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications