स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने से स्वास्थ्य मंत्रालय चिंतित
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस साल स्वाइन फ्लू की चपेट में आने की वजह से 19 से 25 जुलाई के बीच 38 लोगों की मौत हो चुकी है।
दक्षिण के चार राज्य और महाराष्ट्र स्वाइन फ्लू से सबसे अधिक प्रभावित हैं। पश्चिम बंगाल और दिल्ली भी अब इस सूची में शामिल हो गए हैं।
महाराष्ट्र में एक हफ्ते में स्वाइन फ्लू के 230 मामले सामने आए हैं, जो देश में सबसे अधिक है। इसके बाद केरल में 108, कर्नाटक में 86 जबकि आंध्र प्रदेश और दिल्ली में क्रमश: 36 मामले पाए गए हैं। पश्चिम बंगाल में 29 व तमिलनाडु में 11 लोग एच1एन1 वायरस से पीड़ित पाए गए हैं।
हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश, और जम्मू एवं कश्मीर में भी स्वाइन फ्लू के मुट्ठीभर मामले सामने आ चुके हैं।
इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से स्वाइन फ्लू से बचने के लिए वैक्सीन लेने की सलाह दी है।
मंत्रालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "मानसून की वजह से स्वाइन फ्लू के वायरस बढ़ रहे हैं। इससे बचने के लिए लोगों को हाथों की सफाई और नाक को बांध कर चलना चाहिए और भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर जाने से बचना चाहिए।"
मंत्रालय के अनुसार पिछले मई से स्वाइन फ्लू की वजह से 1,692 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications