एल एण्ड टी को 666 करोड़ रुपये का मुनाफा
नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण कंपनी लार्सन एण्ड टुब्रो (एल एण्ड टी) को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 666 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है।
वर्ष 2009-10 की इस तिमाही में कंपनी का कुल मुनाफा 1,598 करोड़ रुपये रहा था जिसमें कंपनी के अल्ट्रा टेक सीमेंट में 1,020 करोड़ रुपये की दीर्घकालीन निवेश संपत्तियों की बिक्री से हुआ मुनाफा भी शामिल था।
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि वर्ष 2009-10 में इस तिमाही में अल्ट्रा टेक सीमेंट की निवेश हिस्सेदारी को बेचने से हुए 1,020 करोड़ रुपये के मुनाफे को हटाने के बाद कंपनी को इस दौरान 578 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। इससे तुलना करने पर मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी के मुनाफे में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
कंपनी ने कहा, "कंपनी को इस तिमाही में 15,626 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले हैं जो कि पिछले साल की इसी तिमाही की तुलना में 63 ज्यादा हैं।"
कंपनी की कुल बिक्री आलोच्य तिमाही में 6.5 प्रतिशत बढ़कर 7,913 करोड़ रुपये हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications