पाकिस्तान को 'कोरा चेक' नहीं दिया जा सकता : अमेरिका
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता राबर्ट गिब्स ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, "हमें पाकिस्तान में आतंकवादियों के सुरक्षित पनाहगारों के बारे में जानकारी है। हम नागरिकों की क्षति से चिंतित हैं। इन मसलों पर सुधार के लिए हमने कदम उठाए हैं।"
उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में नियुक्त किए गए नए अमेरिकी कमांडर जनरल पेट्रॉस का जब सीनेट से सामना हुआ था तो उन्होंने बेहिचक तालिबान और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के बीच एतिहासिक संबंधों के मुद्दे पर गंभीर चर्चा में अपनी राय रखी।
पाकिस्तान की विश्वसनीयता के बारे में गिब्स ने कहा, "राष्ट्रपति बराक ओबामा मार्च 2009 में ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पाकिस्तान को कोरा चेक नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा था कि हमारा साथ देने के लिए पाकिस्तान को अपना रास्ता बदलना होगा और इस संबंध में प्रगति हुई है।"
उन्होंने कहा, "आतंकवादियों द्वारा पाकिस्तान के नागरिकों को ही निशाना बनाया जाना पाकिस्तान के हित में नहीं है। यही कारण है कि स्वात और दक्षिणी वजीरिस्तान में पाकिस्तान की ओर से कुछ प्रगति देखी जा सकती है।"
गिब्स ने कहा, "उन्होंने प्रगति की है लेकिन हालात अभी भी स्वीकार योग्य नही हैं। हम सही दिशा में अपने संबंधों को लाने का प्रयास जारी रखेंगे।"
उन्होंने कहा, "हम यह नहीं कह रहे हैं कि सब कुछ ठीक है लेकिन मैं यह कहूंगा कि संबंधों को सही दिशा में ले जाने में प्रगति हुई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications