युवक को उल्टा लटकार पीटने के मामले में 4 गिरफ्तार
जिले के पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी तेहरा कला ग्राम पंचायत की मुखिया संगीता देवी के पति व वैशाली जिला जनता दल (युनाइटेड) के पूर्व महासचिव शम्भू शरण सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापामारी की जा रही है। राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने पटना में संवाददताओं को बताया कि मामले की सुनवाई त्वरित न्यायालय में की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि मनसुरपुर हलैया गांव के निवासी कैलाश महतो के बेटे 14 वर्षीय राजेश महतो पर गांव की ही एक लड़की के साथ छेड़खानी का आरोप था। इसे लेकर तेहरा कला ग्राम पंचायत में पंचायत बुलाई गई थी।
पंचायत में फैसले के बाद मुखिया के पति शम्भू शरण ने राजेश को खुलेआम डंडे पर उल्टा लटका कर लाठी-डंडे से पिटाई की और कई तरह से यातनाएं दी थी। पिटाई के बाद राजेश को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राजेश के पिता ने सोमवार को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि को इस मामले में कड़ी कारवाई करने का निर्देश दिया है।
इस बीच, जद (यु) के वैशाली जिले के अध्यक्ष सुशील चौरसिया ने बताया कि शम्भू शरण को पार्टी से निकाल दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications