बीजिंग संगीत ओलंपियाड में आगरा के संगीतकार
आगरा, 26 जुलाई (आईएएनएस)। संगीत का ओलंपिक माने जाने वाले 'इंटरनेशनल सोसायटी फॉर म्यूजिक एजुकेशन' के बीजिंग में आयोजित विश्व सम्मेलन में आगरा के पांच संगीतकार शामिल होंगे।
'कीर्ति एन्सेम्बल' समूह की लवली शर्मा, देबाशीष गांगुली, देबाशीष चक्रवर्ती, विलास फाल्के और शांतनु सम्मेलन एक अगस्त से शुरू होने वाले इस आयोजन में प्रस्तुति देंगे। सम्मेलन में 100 देशों के संगीतकार शिरकत करेंगे।
भारत में सिर्फ शर्मा ही सितार में डी.लिट.हैं। उन्होंने आईएएनएस से कहा, "यह भारत के लिए दुर्लभ सम्मान की बात है, हमें उद्घाटन समारोह में कार्यक्रम पेश करने के लिए 10 मिनट का समय मिला है। इस एक सप्ताह तक चलने वाले सम्मेलन में लगभग 100 देश हिस्सा ले रहे हैं। इसे संगीत का अनोखा सम्मेलन माना जाता है।"
शर्मा ने बताया कि समारोह के लिए एक विशेष संगीत रचना 'तराना' तैयार की गई है। इसमें तबला, सितार और गिटार का इस्तेमाल होगा।
उन्होंने बताया कि उनकी संगीत रचना पर एक युवा चीनी नृत्यांगना कथक प्रस्तुत करेंगी और इसके लिए वह पिछले तीन महीने से तैयारी कर रही हैं।
भारतीय शास्त्रीय संगीत पर सात महत्वपूर्ण किताबें लिख चुकीं शर्मा ने भारतीय जेलों में कैदियों के लिए म्यूजिक थैरेपी शुरू करने में अग्रणी भूमिका निभाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications