कांग्रेस की पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता की मौत (लीड-1)
बेंगलुरू, 25 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंत्रियों, रेड्डी बंधुओं को अवैध खनन के मामले में घेरने के लिए राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी, कांग्रेस द्वारा शुरू की गई बेंगलुरू से बेल्लारी तक की 320 किलोमीटर लंबी पदयात्रा के दौरान पहले दिन रविवार को एक 65 वर्षीय कार्यकर्ता की मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि चिक्कारामैया लगभग आठ किलोमीटर तक चलने के बाद भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) के पास गिर पड़ा और एक निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कांग्रेस की राज्य इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष डी.के.शिवकुमार ने कार्यकर्ता के निधन पर दुख प्रकट किया और कहा कि पार्टी उसके परिवार को वित्तीय और अन्य सहयोग मुहैया कराएगी।
राज्य कांग्रेस के नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बेंगलुरू शहर के मध्य स्थिति फ्रीडम पार्क से रविवार सुबह यात्रा शुरू की और पहले दिन लगभग 16 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद एक स्कूल में रात बिताने के लिए डेरा डाला।
नेताओं और कार्यकर्ताओं की योजना प्रतिदिन 20 किलोमीटर चलकर नौ अगस्त को बेल्लारी पहुंचने और ब्रिटिश शासन के खिलाफ 'भारत छोड़ो' आंदोलन की बरसी पर रैली आयोजित करने की है।
बेंगलुरू के फ्रीडम पार्क में पदयात्रा शुरू करने के लिए आयोजित समारोह में उपस्थित ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता यू.आर.अनंतमूर्ति सहित अनेक लेखकों और स्वतंत्रता सेनानियों ने पदयात्रा को समर्थन दिया है।
फ्रीडम पार्क पहले शहर की केंद्रीय जेल थी जहां आपातकाल के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी सहित बड़े नेताओं को रखा गया था।
कांग्रेस की पदयात्रा के प्रभाव को कम करने के लिए भाजपा ने दो अगस्त को दावणगेर में, पांच अगस्त को गुलबर्गा में, 12 अगस्त को मैसूर में और 20 अगस्त को बेल्लारी में रैलियां आयोजित करने का फैसला किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications