आपात स्थिति में उतरा सेना का हेलीकॉप्टर (लीड-1)
फतेहाबाद (हरियाणा), 25 जुलाई (आईएएनएस)। प्रशिक्षण उड़ान के दौरान भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी के कारण रविवार को उसके पिछले हिस्से में आग लग गई। हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में हरियाणा के फतेहाबाद जिले के चिंदर गांव के खेतों में उतारा गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
आईएएफ के एक अधिकारी ने बताया, "उड़ान भरने के 10 मिनट बाद ही पायलट हासिब हामिद और अरुणिमा विदिता ने धमाके की आवाज सुनी। फिर उन्होंने हेलीकॉप्टर के पिछले हिस्से से धुआं निकलते देखा। खतरे की आशंका से उन्होंने हेलीकॉप्टर को चिंदर गांव के खेतों में उतार दिया।"
उन्होंने बताया, "हेलीकॉप्टर के उतरते ही दोनों पायलट कूद गए। ग्रामीणों की मदद से उन्होंने निकट के एक तालाब से पानी लाकर आग बुझाई।"
फतेहाबाद जिले के पुलिस प्रमुख जे. एस. लांबा ने आईएएनएस से कहा, "वायु सेना के सिरसा से उड़ान भरने वाले इस हेलीकॉप्टर को उत्तर प्रदेश के हिंडन में उतरना था। लेकिन इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण इसे आपात स्थिति में उतारना पड़ा है।"
लांबा ने कहा, "हेलीकॉप्टर के दोनों पायलट सुरक्षित हैं। हेलीकॉप्टर के उतरने के समय आसपास के लोग डर गए थे लेकिन वायु सेना के अधिकारियों ने तुरंत वहां पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया।"
वायु सेना के अधिकारी इंजन में खराबी का कारण जानने के लिए जांच कर रहे हैं। फतेहाबाद शहर चण्डीगढ़ से लगभग 280 किलोमीटर दूर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications