मूल्यवृद्धि पर विपक्ष ने की बहस की मांग
नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। संसद का मानसून सत्र शुरू होने से एक दिन पूर्व रविवार को विपक्षी दलों ने स्थगन प्रस्ताव के तहत मूल्यवृद्धि पर बहस की मांग की। एक विपक्षी नेता ने कहा कि यदि लोकसभा अध्यक्ष चाहती हैं कि सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से चले तो उन्हें यह मांग मान लेनी चाहिए।
यह मांग लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में उठाई गई।
लोकसभा में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) संसदीय दल के नेता बासुदेव आचार्य ने आईएएनएस को बताया, "सभी विपक्षी दलों ने स्थगन प्रस्ताव के तहत आवश्यक वस्तुओं एवं ईंधन के मूल्य में वृद्धि पर बहस की मांग की। हमने कहा कि यदि आप चाहती हैं कि सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से चले तो आपको यह प्रस्ताव नामंजूर नहीं करना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि यह मांग भी रखी गई कि कश्मीर के हालात का जायजा लेने और वहां के लोगों से बातचीत करने के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को कश्मीर भेजा जाए।
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने संवाददाताओं से कहा कि यदि सरकार स्थगन प्रस्ताव की मांग मान ले तो सदन की कार्यवाही में कोई व्यवधान उपस्थित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि यहां तक कि कांग्रेस के साथ गठबंधन में शामिल डीएमके एवं तृणमूल कांग्रेस भी मूल्यवृद्धि पर बहस चाहती है।
बहस के लिए रखे गए अन्य प्रस्तावों में भोपाल गैस त्रासदी, अवैध खनन, रंगनाथ मिश्र आयोग की रिपोर्ट एवं हाल में हुए रेल हादसे जैसे मुद्दे शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि इस बैठक में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शामिल नहीं हुए। साथ ही जनता दल (यू) एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता भी नदारद रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications