सिब्बल के कार्यक्रम में आत्मदाह की कोशिश
कांग्रेस के 125 वर्ष होने पर लखनऊ के रिवर बैंक कॉलोनी स्थित आईएमए भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में जैसे ही कपिल सिब्बल ने अपना संबोधन शुरू किया तभी आसिफ रिजवी नाम के एक युवक ने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़कर हाल में प्रवेश किया और आत्मदाह करने की कोशिश की।
इस दौरान वहां पर अफरा तफरी मच गई। मौके पर मौजूद युवक कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रिजवी को पकड़ कर उसके प्रयास को असफल करके बाहर लेकर चले गए। वह चिल्लाकर यही कह रहा था कि उसके साथ अन्याय हो रहा है। उसे चुनाव नहीं लड़ने दिया जा रहा है।
रिजवी युवा कांग्रेस का कार्यकर्ता बताया जा रहा है। विगत कुछ दिनों से वह भूख हड़ताल पर था। उसका आरोप था कि वह मध्य क्षेत्र से युवा कांग्रेस का चुनाव लड़ना चाहता था लेकिन लखनऊ लोकसभा क्षेत्र के चुनाव अधिकारी मेघना पटेल के चलते उस पर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने से रोक लगा दी गई थी। इसी के विरोध में वह भूख हड़ताल कर रहा था।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुबध श्रीवास्तव ने संवाददाताओं से बताया कि रिजवी ने चुनाव अधिकारी मेघना पटेल के साथ दुर्व्यवहार किया था, जिस कारण यूथ कांग्रेस ने उस पर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने पर रोक लगा दी थी। आज जब उसे कपिल सिब्बल के आने की जानकारी मिली तो तमाशा खड़ा करने के लिए वहां पहुंच गया।
श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अनुशासन तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करती है।
इस कार्यक्रम में कपिल सिब्बल के अलावा पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी भी मौजूद थीं। किसी ने मीडिया से इस बारे में कोई भी प्रतिक्रिया देने से साफ इंकार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications