भारतीयों के लिए महंगाई सबसे बड़ी चिंता : सर्वे
नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। नील्सन कंपनी द्वारा जारी की गई एक सर्वे रिपोर्ट में भारतीयों ने महंगाई को सबसे बड़ी चिंता माना है।
सर्वे में लोगों ने खाद्य पदार्थो की कीमतों में लगातार वृद्धि को नौकरियों और अर्थव्यवस्था से बड़ी चिंता बताया है।
इस साल अप्रैल महीने में महंगाई दर 9.6 प्रतिशत रही है जबकि पिछले साल के इसी महीने में यह दर 1.3 प्रतिशत थी।
सर्वे में कहा गया कि महंगाई अगले छह महीने तक भारतीयों के लिए बड़ी चिंता बनी रहेगी।
नील्सन कंपनी के भारत के अध्यक्ष पियूष माथुर ने कहा, "पिछले कुछ समय से महंगाई से जूझ रहे भारतीयों के लिए यह अब एक बड़ी चिंता बन गई है। कीमत सूचकांक में यह वृद्धि मुख्यत: खाद्य पदार्थो और ईंधन के दामों में वृद्धि के कारण हुई है।"
भारतीयों ने इसके अलावा काम/जीवन संतुलन (12 प्रतिशत) और आतंकवाद (12 प्रतिशत) को भी बड़ी चिंता माना है। आतंकवाद को प्रमुख खतरा मानने वाले सभी देशों में तुर्की के बाद भारत में इसको लेकर सबसे ज्यादा चिंता है।
अर्थव्यवस्था, ग्लोबल वार्मिग, बच्चों की शिक्षा (8 प्रतिशत), रोजगार सुरक्षा और बुजुर्ग कल्याण (7 प्रतिशत) आदि मुद्दे भी भारतीयों के बीच चिंता का कारण हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications