संप्रग की पाकिस्तान नीति बेतरतीब हालत में : आडवाणी
नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने पाकिस्तान के साथ हाल की वार्ता का जिक्र करते हुए संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की पाकिस्तान नीति की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि संप्रग की पाकिस्तान नीति वाकई में बेतरतीब स्थिति में है और जनता के विचार से उसका कुछ भी लेना-देना नहीं है।
आडवाणी ने अपने ब्लाग पर लिखा है, "नई दिल्ली की पाकिस्तान नीति वाकई में एक बेतरतीब स्थिति में है। भारत की पाकिस्तान नीति जनता की राय से इतनी अलग कभी नहीं रही, जितनी कि आज है। यहां तक कि सरकार के भीतर भी मंत्रियों के बीच पाकिस्तान नीति को लेकर गंभीर मतभेद है।"
आडवाणी ने गृह सचिव जी.के.पिल्लै का बचाव किया। जिन्होंने वार्ता के पहले एक समाचार पत्र में एक साक्षात्कार में कहा था कि पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी आतंकी डेविड कोलमैन हेडली ने खुलासा किया था कि मुंबई हमले की साजिश रचने में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी, इंटर सर्विसिस इंटेलिजेंस (आईएसआई) शामिल थी।
आडवाणी ने लिखा है, "मैं गृह सचिव जी.के.पिल्लै को व्यक्तिगत तौर पर जानता हूं। वह एक बहुत ही जिम्मेदार और योग्य अधिकारी हैं और इसलिए जब इस्लामाबाद में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने पिल्लै की तुलना आतंकी हाफिज सईद के साथ की और मैंने देखा कि हमारे विदेश मंत्री इस बेइज्जती पर चुप्पी साधे रहे, तो मुझे आश्चर्य हुआ।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications