ब्रिटेन में पहली बार 'हलाल' सौंदर्य प्रसाधन
'हलाल' का मतलब ऐसे खाद्य पदार्थ या फिर ऐसी वस्तुएं होती हैं, जिन्हें शरिया के तहत इस्तेमाल करने की मुसलमानों को इजाजत होती है। शरिया के तहत अल्कोहल और कुछ विशेष प्रकार के मांस का सेवन निषिद्ध है।
ब्रिटेन में रहने वाली उद्योगपति समीना अख्तर ने बर्मिघम में 'समीना प्योर मेकअप' नाम से एक कंपनी शुरू की है। अख्तर ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कई कंपनियों के सौंदर्य प्रसाधनों में इस्तेमाल किए जाने वाले पदार्थो पर सवाल उठाने के बाद यह काम शुरू किया है।
अख्तर को यह जानकर हैरानी हुई थी कि कई बड़ी कंपनियां अपने सौंदर्य प्रसाधनों में वसायुक्त अम्ल और यहां तक कि सुअरों के अंगों का इस्तेमाल करती हैं।
अख्तर ने 'स्काई न्यूज' से बातचीत में कहा, "मुसलमान होने के नाते मैं जानना चाहती थी कि मैं अपनी त्वचा पर क्या लगा रही हूं। मैं जानना चाहती थी कि इस्लाम में उनके इस्तेमाल की इजाजत है?"
अख्तर ने बताया कि वह अपने उत्पाद में विटामिन, खनिज, पौधों के रस और जरूरी तेलों का उपयोग करती हैं। उनका कहना है कि सिर्फ मुसलमान ही नहीं, और भी बहुत से लोगों को यह बात पसंद नहीं थी कि उनके सौंदर्य प्रसाधनों में पशु उत्पाद इस्तेमाल किए जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications