पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से 28 प्रतिशत कम बारिश
अगरतला/गुवाहाटी, 25 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों में इस साल अब तक सामान्य से 28 प्रतिशत कम बारिश होने से यहां कृषि उत्पादन में कमी की आशंका बढ़ गई है।
अगरतला में भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून के आगमन (एक जून) से अब तक सामान्य से 28 प्रतिशत कम बारिश हुई है।"
उन्होंने कहा, "मानसून के आगमन के समय यहां औसत से ज्यादा बारिश हुई थी लेकिन बाद में यह स्थिति पूरी तरह बदल गई।"
गुवाहाटी में मौसम विभाग के एक स्थानीय केंद्र के मुताबिक इस साल पूर्वोत्तर राज्यों में केवल असम में ही हालत कुछ ठीक हैं यहां सामान्य से छह फीसदी कम बारिश हुई है लेकिन अन्य कई इलाकों में बारिश 49 प्रतिशत तक कम हुई है।
मणिपुर में बारिश सामान्य से 46 प्रतिशत, अरुणाचल प्रदेश में 30 प्रतिशत, मिजोरम में 28 प्रतिशत, नागालैंड में 27 प्रतिशत और त्रिपुरा में 16 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
बारिश में कमी के चलते इन इलाकों में कृषि पर काफी बुरा असर पड़ रहा है। यहां सिंचाई के लिए पर्याप्त साधन नहीं हैं।
अगरतला में भारतीय कृषि शोध परिषद (आईसीएआर) के अधिकारियों ने कहा, "असम के कुछ इलाकों में जहां भारी बारिश होने से फसले बर्बाद हुई हैं वहीं यहां के अन्य राज्यों में कम बारिश होने से कृषि पैदावार घटने के आसार हैं।"
मौसम विभाग के अधिकारियों ने हालांकि कहा कि उत्तरी उड़ीसा तट पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जिससे अगले सप्ताह में पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications